सोनपुर मेले में बाबा हरिहरनाथ मंदिर के दर्शन का समय बढ़ाकर रात नौ बजे तक कर दिया गया है। मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला अवधि के लिए दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत दोपहर का शयनकाल घटाकर केवल आधे घंटे का कर दिया गया है, यानी राजभोग के लिए मंदिर के पट दोपहर 12 बजे बंद होकर 12:30 बजे फिर खुल जाएंगे।
न्यास समिति के अनुसार, प्रतिदिन की तरह सुबह 4:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर सकेंगे। राजभोग के बाद शाम 4:30 बजे तक दर्शन-पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक होगा। शाम 4:30 से छह बजे तक बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा और छह बजे से रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं को श्रृंगार दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके बाद राजभोग अर्पित कर मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व के लिए भी मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है। 23 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे नारायणी स्नान के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा और रात 12 से दो बजे तक बाबा हरिहरनाथ का उत्थापन तथा विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। 24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह तीन बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे।
कार्तिक पूर्णिमा से अग्रहायण पूर्णिमा तक चलने वाले सोनपुर मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। दर्शन की अवधि बढ़ाने का उद्देश्य भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना का अवसर देना है। न्यास समिति ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय-सारणी का पालन करने और कतारबद्ध होकर दर्शन करने की अपील की है।
