संभल में महंत ऋषिराज गिरी और उनके समर्थकों ने कैलादेवी मंदिर से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस-प्रशासन ने रोक दिया। मुख्य चौराहे पर पुलिस ने बैरियर लगाकर रास्ता रोका, तो समर्थकों ने बैरियर हटाकर फेंक दिए। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हुई और कई पुलिसकर्मी गिर गए। करीब एक घंटे तक हंगामा और नारेबाजी का माहौल रहा।

बाद में सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकाश चंद्र ने महंत और उनके समर्थकों को समझाया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए ऐसा नहीं किया जाएगा और माहौल बिगड़ने का खतरा है। इसके बाद पदयात्रा निकालने का निर्णय बदल दिया गया और कैलादेवी मंदिर की परिक्रमा करने के बाद माहौल शांत हो गया।

गौरतलब है कि 19 नवंबर 2024 को संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया गया था। इसके बाद 24 नवंबर को मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में हिंसा भड़की थी। पिछले वर्ष भी पदयात्रा निकालने का प्रयास किया गया था, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी।

इस बार 19 नवंबर को पदयात्रा निकालने के ऐलान के बाद से ही पुलिस-प्रशासन सतर्क था। दोपहर 12 बजे भीड़ जुट गई और महंत समर्थकों के साथ मंदिर से बाहर निकलकर मुख्य चौराहे पर पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें रोका।