गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़े अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस की टीम ने इस मामले में 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और आरोपितों को पकड़ लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कॉल सेंटर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल सेंटर के जरिए किन देशों के नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा था तथा इस नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं।

पुलिस आरोपितों के बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों, कॉलिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।

इस मामले में आगे की जांच के दौरान कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।