धनबाद में 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। रांची मुख्यालय स्थित एंबुलेंस चालक संघ के आह्वान पर जिले के सभी एंबुलेंस कर्मियों ने कार्य का बहिष्कार कर दिया है। इससे जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

धनबाद जिले में कुल 37 एंबुलेंस का संचालन हो रहा था, जो हड़ताल के बाद बंद हैं। आंदोलन में जिले के लगभग 150 एंबुलेंस चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) कर्मी शामिल हैं। एंबुलेंस चालक संघ के धनबाद जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे थे और संघ पहले भी कई बार हड़ताल की चेतावनी दे चुका था। उनका आरोप है कि सरकार मांगों पर ठोस ध्यान नहीं दे रही थी, जिसके चलते कर्मचारियों के पास अनिश्चितकालीन हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

एसएनएमएमसीएच में गिरिडीह से आए मुनेश्वर ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने के कारण निजी वाहन से धनबाद आना पड़ा और इसके लिए 1500 रुपए देने पड़े। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा से राहत मिलती थी, लेकिन अब परेशानी हो रही है। वहीं, प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार ने सरकारी केंद्रों की एंबुलेंस को अलर्ट किया है और गंभीर मरीजों को इन एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।