हरिद्वार मेला पुलिस अर्द्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए विशेष साइबर थाना स्थापित करेगी। मेला आइजी डा. योगेंद्र सिंह रावत के अनुसार इस थाने में सूचना प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ऑनलाइन ठगी की शिकायतों का तेजी से निस्तारण हो सके।
चारधाम यात्रा के दौरान होटल, धर्मशाला और पार्किंग जैसी सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग में धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए मेला पुलिस अर्द्धकुंभ में भी साइबर ठगी की आशंका को लेकर अलर्ट है। पुलिस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ाएगी और फर्जी वेबसाइट व इंटरनेट मीडिया पेजों के साथ ही ऑनलाइन पेमेंट लिंक और बुकिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी की शिकायतों पर कार्रवाई करेगी।
मेला नियंत्रण भवन सभागार में डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर एडीजी कानून एवं व्यवस्था डा. वी. मुरुगेशन और एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में साइबर सुरक्षा और डिजिटल निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
मेला आइजी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि होटल या धर्मशाला की बुकिंग से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और संपर्क नंबर की पुष्टि करें। गूगल सर्च या सोशल मीडिया पर मिले अनजान नंबरों पर भरोसा कर अग्रिम भुगतान न करें और किसी अनजान व्यक्ति के भेजे क्यूआर कोड को स्कैन करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने ध्यान दिलाया कि यूपीआई से भुगतान प्राप्त करने के लिए पिन डालने की जरूरत नहीं होती। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और cybercrime.gov.in पर भी इसकी सूचना दें।
