मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां उनके पैतृक गांव नदवां में अंतिम चरण में हैं। आज हल्दी की रस्म होगी। घर को सजाया गया है और मंगल गीतों से माहौल उत्सवी हो गया है। मंडप और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।

मौसम ने कुछ आयोजनों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। खराब मौसम के कारण मेहमानों के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली है। वहीं, घुड़दौड़ के लिए तैयार मैदान में बारिश के कारण कीचड़ फैल गया है, जिससे आयोजन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। इन चुनौतियों के बावजूद अनंत सिंह का कहना है कि कार्यक्रम तय योजना के अनुसार ही होंगे। उन्होंने कहा कि कहीं कोई दिक्कत नहीं है और जैसे कार्यक्रम तय है, वैसे ही होगा। उन्होंने बताया कि घुड़दौड़ के मैदान का निरीक्षण कराया गया है और वहां मुकाबला जरूर होगा।

शादी में करीब चार लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए खास इंतजाम किए गए हैं और 150 से अधिक तरह के पकवान परोसने की तैयारी है। इनमें विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ दूसरे राज्यों के लोकप्रिय व्यंजन और स्थानीय पकवान भी शामिल होंगे। अनंत सिंह ने कहा कि शादी में आने वाले सभी मेहमानों का स्वागत किया जाएगा और उनके सम्मान में वह खुद खड़े रहेंगे।

शादी समारोह में घुड़दौड़ आकर्षण का केंद्र होगी, जिसके लिए करीब 200 घोड़े पहुंच चुके हैं। मुकाबले में जीतने वाले घोड़े के मालिक को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी। तैयारियों के बीच अनंत सिंह के चार दिसंबर को सरेंडर करने का मुद्दा भी चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में उन्हें निर्धारित तारीख पर सरेंडर करना है। कुछ समर्थकों ने भावुक होकर कहा कि वे भी उनके साथ जाएंगे, लेकिन अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया उन्हें ही पूरी करनी है और कोर्ट पर पूरा भरोसा है।