हिमाचल प्रदेश के औट-सैंज-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग के 49 किलोमीटर हिस्से को डबल लेन में चौड़ा करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के तहत मार्ग के 31 से 46 और 63 से 97 किलोमीटर के बीच के हिस्से को दो लेन बनाया जाना है।

परामर्श कार्य की अनुबंध अवधि सात महीने रखी गई है और इसकी अनुमानित निश्चित लागत जीएसटी को छोड़कर 3,61,84,500 रुपये है। परामर्शदाताओं को पहाड़ी भूभाग में विस्तृत भूवैज्ञानिक, भू-तकनीकी और स्थलाकृतिक सर्वेक्षण करना होगा। भूस्खलन और राकफाल रोकने के लिए लागत-प्रभावी उपायों के डिजाइन भी तैयार किए जाएंगे।

डीपीआर में यातायात सर्वेक्षण, संरेखण के विकल्प, बाईपास और जंक्शन सुधार, जल निकासी योजना, भूमि अधिग्रहण में सहयोग तथा वन एवं पर्यावरण मंजूरी से जुड़े काम शामिल होंगे। अभी यह मार्ग सिंगल रोड है और इस पर आवाजाही बेहद जोखिमभरी मानी जाती है।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में इस परियोजना से स्थानीय आवागमन सुगम होने और संपर्क मार्ग मजबूत होने की उम्मीद है। सड़क के चौड़ीकरण से पर्यटकों को भी राहत मिलने की संभावना है।