अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर बस्ती-अयोध्या हाईवे पर मालवाहक वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। परिक्रमा के लिए 17 नवंबर की सुबह 10 बजे से 18 नवंबर की रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू है, जबकि कार्तिक पूर्णिमा के लिए 23 नवंबर की सुबह 10 बजे से 24 नवंबर की रात 10 बजे तक मालवाहक वाहनों का रास्ता बदला जाएगा।

डायवर्जन के दौरान अयोध्या से होकर लखनऊ की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जा रहा है। बस्ती तक जाने वाले मालवाहक वाहनों को इस व्यवस्था से छूट रहेगी। रोडवेज बसों और चार पहिया वाहनों को अयोध्या जाने की अनुमति रहेगी।

लिंक एक्सप्रेसवे के छपिया जीरो प्वाइंट और कालेसर के पास बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों से उनके गंतव्य की जानकारी लेकर निर्धारित रास्ते पर भेजेंगे।

एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने बताया कि डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के लिए दोनों स्थानों पर व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बनने से रोकना है।