प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा के पहले दिन बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण पर बड़ी बात कही। व्यासपीठ से उन्होंने कहा कि कुंडा और उत्तर प्रदेश की धरती से हम कह रहे हैं कि हमारी नजर में यादव और माधव दो नहीं, एक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी नजर में हम सब हिंदू एक हैं। कथा के मंच पर उनके इस प्रवचन पर खूब तालियां बजीं। भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना के कारण शास्त्री विवादों में आए थे, और उन्होंने मंच से इस विषय पर खुलकर बात की।
धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा के मंच से जल्द ही वृंदावन जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हम बहुत जल्दी ठाकुर जी के धाम वृंदावन जाने वाले हैं और वहां सिर्फ इसलिए जाएंगे कि अगर किसी को क्षोभ हुआ हो तो हम ठाकुर जी से कहेंगे कि उन सबको ठीक मति देना।
शास्त्री ने मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि मथुरा जन्मभूमि पर औरंगजेब का जो कलंक लगा है, उसे पोछने का समय आ गया है। उन्होंने मंच पर मौजूद लोगों से कहा कि यही सही समय है, चलो मथुरा की ओर। उन्होंने कहा कि रामलला तो अपने धाम में बैठ गए, अब श्यामलला को भव्य मंदिर में विराजमान कराना है। शास्त्री ने कहा कि लोग उन्हें गालियां दे दें या पुतले जला दें, लेकिन उनके साथ मथुरा चलें।
