पटना में स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को कई लोकप्रिय मोमो प्रतिष्ठानों की जांच की, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे से 22 किलो सड़ा चिकन बरामद होने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया और प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद कराया गया। वहां रसोई और डीप फ्रीजर में गंदगी पाई गई, फ्रीजर में तापमान दर्शाने की व्यवस्था नहीं थी तथा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। तैयार नानवेज खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि भी नहीं थी और खाद्य अनुज्ञप्ति की प्रतिलिपि प्रदर्शित नहीं थी। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की है।
लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर माल में संचालित वाउ मोमो एंड वाउ चाइना की जांच में बार-बार इस्तेमाल से जला हुआ खाद्य तेल मिला, जिसमें 21 लीटर तेल नष्ट कराया गया। इंडो चिली सास बेस का नमूना जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। सुधार नोटिस जारी किया गया है और 14 दिनों में कमियां दूर न करने पर लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।
पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित सिटी मोमो सेंटर बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के चल रहा था। वहां भंडारण और साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिली तथा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने सात दिनों के भीतर लाइसेंस लेने का निर्देश देते हुए तब तक मोमो के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी है।
