गाजियाबाद की एलिवेटेड रोड, जिसे वीवीआईपी रूट माना जाता है, से 48 में से 47 सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए हैं। बचा हुआ एकमात्र कैमरा भी चालू हालत में नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर इसी रोड से दिल्ली आते-जाते हैं और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट भी इसी मार्ग से होता है। इससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
वर्ष 2023 में तत्कालीन डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल ने उद्यमियों की मदद से 12.50 लाख रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड पर 48 सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। वसुंधरा चौकी में इन कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया गया था। कैमरे लगने के कुछ दिन बाद ही इनके तार चोरी हो गए थे। अब 48 में से 47 कैमरे चोरी हो चुके हैं और बचा हुआ एक कैमरा भी खराब है।
दीवाली से पहले वसुंधरा पुलिस चौकी पर एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंका गया था। कैमरे खराब होने के कारण आज तक इस धमाके के आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। इसी रूट पर गाजियाबाद-दिल्ली रेलवे ट्रैक, नमो भारत और मेट्रो का ट्रैक भी है। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से करहैड़ा रोड, नागद्वार, रोटरी गोल चक्कर और एलिवेटेड रोड से यूपी गेट तक के मार्ग को वीवीआईपी रूट माना जाता है।
नगर निगम ने आईटीएमएस योजना के तहत एलिवेटेड रोड के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर भी कैमरे लगाए थे, जो चालू हालत में नहीं हैं। धमाके की घटना के बाद पुलिस ने कैमरे चालू कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा है। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल के अनुसार, एलिवेटेड रोड की सुरक्षा के लिए जल्द ही नए कैमरे लगवाए जाएंगे और कैमरे चोरी होने की जांच कराई जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
