कोलकाता के अलीपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) परिसर में मंगलवार देर रात कोलकाता पुलिस के एक कांस्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बिप्लब बर्मन के रूप में हुई है, जो कांबैट बटालियन की सी कंपनी में तैनात था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे पीटीएस परिसर की एक्स बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर गलियारे के अंतिम छोर पर उसका शव मिला।

कांबैट बटालियन में तैनात एएसआइ राजीबुद्दीन ने सबसे पहले बिप्लब को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और अलीपुर थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अलीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी है। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

जानकारी के अनुसार, बिप्लब वर्ष 2017 में कोलकाता पुलिस में भर्ती हुआ था। वह 104वें बैच का कांस्टेबल था और उसका सिपाही नंबर 8630 था। वह मूल रूप से उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज का रहने वाला था और विवाहित था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक समस्या के कारण आत्महत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किन पारिवारिक परेशानियों से गुजर रहा था और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।