भारत और नेपाल के बीच सोमवार को अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। सरयू कमला एक्सप्रेस नाम की इस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों के मुताबिक यह सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी।

अयोध्या कैंट से यह ट्रेन हर सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में यह हर शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन का ठहराव मानकपुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर में होगा।

17 एलएचबी कोच वाली इस ट्रेन में 1,158 यात्रियों की क्षमता होगी। इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच शामिल होंगे। एसी कोच में दो एसी टू-टियर कोच होंगे, जिनमें प्रत्येक में 52 बर्थ होंगी। तीन एस थ्री-टियर कोच में प्रत्येक में 72 बर्थ, तीन एस थ्री टियर इकोनॉमी कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ और सात स्लीपर कोचों में प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी। लगेज-कम-सीटिंग कोच में 38 सीटें होंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इस ट्रेन से दोनों क्षेत्रों के प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि नेपाली श्रद्धालु राम लला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारतीय श्रद्धालु मां जानकी का आशीर्वाद लेने जा सकेंगे। उन्होंने अवध और मिथिला के परंपरागत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में लोग जनकपुर को अपने रिश्तेदारों का घर मानते हैं, जबकि मिथिला में लोग भगवान राम को पाहुन (दामाद) मानते हैं। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में नेपाल के योगदान को भी याद किया।