प्योंगयांग में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने भारत के नवनियुक्त राजदूत संजीव जैन और नौ अन्य देशों के राजदूतों से उनके परिचय पत्र स्वीकार किए। उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार यह समारोह वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया की केंद्रीय समिति के मुख्यालय में आयोजित किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक 30 साल के इतिहास में यह पहला मौका है जब किम जोंग उन विदेशी राजदूतों के परिचय समारोह में सार्वजनिक तौर पर शामिल हुए।

समारोह में भारत के अलावा इंडोनेशिया, स्वीडन, वियतनाम, रूस, ब्राजील, चेक गणराज्य, फिलीपींस, थाईलैंड और बांग्लादेश के नवनियुक्त राजदूतों ने भी अपने परिचय पत्र किम जोंग उन को सौंपे। इस मौके पर उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री चो सोन हुई और कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। किम जोंग उन ने राजदूतों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस घटनाक्रम को भारत के साथ संबंध मजबूत करने की उत्तर कोरिया की चाहत के रूप में देखा जा रहा है।

परिचय पत्र सौंपने के दौरान किम जोंग उन ने राजदूतों से कहा कि वे अपने देशों के नेताओं और नागरिकों तक उनकी शुभकामनाएं पहुंचाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों और उत्तर कोरिया के नियमों के तहत राजदूतों को मिलने वाले राजनयिक विशेषाधिकारों और सुरक्षा की पूरी गारंटी दी जाएगी। किम जोंग उन ने उम्मीद जताई कि नए राजदूत अपने देशों और उत्तर कोरिया के बीच विश्वास बढ़ाने तथा आपसी हितों के आधार पर मैत्रीपूर्ण संबंधों को और गहरा करने का काम करेंगे।

भारत और उत्तर कोरिया के संबंध ऐतिहासिक रूप से पुराने हैं। दोनों देश 1 मार्च 1962 को वाणिज्य दूतावास स्तर के संबंधों से जुड़े थे और 10 दिसंबर 1973 को प्योंगयांग में भारतीय दूतावास स्थापित हुआ। उत्तर कोरिया में भारतीय दूतावास कोविड-19 महामारी के कारण जुलाई 2021 में अस्थायी रूप से बंद हो गया था, जिसे चार साल बाद दिसंबर 2024 में फिर से खोला गया।