देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने सोमवार, 23 नवंबर को न्यायिक अधिकारियों में अनुशासन की कमी पर तीखी नाराज़गी जताई। सुनवाई के दौरान CJI ने कहा कि न्यायिक अधिकारी अब कुछ ज्यादा ही मांग करने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान अधिकारी अपने चैंबर में बैठकर कॉफी पीते रहते हैं और 24 घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें क्या भत्ते और फायदे मिल रहे हैं।

जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने यह टिप्पणी जुबिया ए बनाम केरल हाई कोर्ट मामले की सुनवाई के दौरान की। CJI ने कहा कि हमें पता है कि वे कितना काम निपटाते हैं और दिनभर क्या करते हैं। अगर आप 10 बजे जाएं, तो कोई भी अपनी जगह पर नहीं मिलता। बेंच ने सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए न्यायिक अधिकारियों के बार-बार अदालत का रुख करने पर भी कड़ी नाराजगी जताई।

CJI ने कहा कि हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन दाखिल कर कहते हैं कि हमें यह सुविधा दी जाए। उन्होंने अदालतों के कामकाजी समय के दौरान न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। बेंच ने न्यायपालिका में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया।

यह मामला केरल में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़ा है, जो वकीलों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती कोटे के तहत की जा रही है। संविधान के अनुच्छेद 233(2) के तहत जिला न्यायाधीश के पद पर सीधी नियुक्ति के इच्छुक वकील के पास बार में कम से कम सात साल का अनुभव होना चाहिए और उसे उच्च न्यायालय द्वारा अनुशंसित किया जाना चाहिए। विवाद इस बात पर है कि क्या पहले वकील रहे न्यायिक अधिकारी उस अनुभव का इस्तेमाल बार कोटे के तहत नियुक्ति पाने के लिए कर सकते हैं या नहीं।