पूर्व आईपीएस अधिकारी जुगुल किशोर तिवारी राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। उन्हें सर्वजन सनातन पार्टी का उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पद संभालते ही उन्होंने सोमवार को बहराइच में पार्टी की बैठक की, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीबीआई निदेशक एम नागेश्वर राव भी मौजूद रहे। बैठक में पार्टी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाने का संकल्प जताया।

बैठक में पार्टी ने अपना नीतिगत संकल्प जारी किया। पार्टी ने यूजीसी विनियम और एससी-एसटी एक्ट को निरस्त करने, जाति आधारित कानून समाप्त करने तथा योग्यता और सामाजिक न्याय के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। सभी के लिए निश्शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प भी दोहराया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष दीपक त्रिवेदी और अधिवक्ता बाबूराम त्रिपाठी ने किया।

किसानों के मुद्दे पर पार्टी ने प्रति एकड़ न्यूनतम 1.50 लाख रुपये वार्षिक आय की गारंटी देने और आय कम होने पर सरकार से भरपाई कराने का प्रस्ताव रखा। साथ ही गौमाता को राज्यमाता का संवैधानिक दर्जा देने और गोमांस निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही गई। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का भी फैसला किया है।

इससे पहले बस्ती में जुगुल किशोर तिवारी ने यूजीसी एक्ट पर हमला बोला था। वे मेधा पार्टी के यूजीसी रेगुलेशन-2026 और एससी-एसटी एक्ट रिफॉर्म के विरोध में हुए सत्याग्रह में पहुंचे थे और उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए लोगों से इसका विरोध करने का आह्वान किया था। जुगुल किशोर तिवारी उत्तर प्रदेश कैडर के 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं और डीआईजी (फायर सर्विसेज) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे गाजीपुर, बांदा, वाराणसी, इलाहाबाद, लखनऊ, चित्रकूट और बहराइच में एसपी सहित विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।