समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे डासना जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद उनका काफिला गाजियाबाद से रामपुर पहुंचा, जहां समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि आजम खां की रिहाई ने इंसाफ पर ऐतबार को बढ़ाया है। उन्होंने आगे लिखा कि जब जुल्म और ज्यादती हद से बेहद पार हो जाए, तो समझो हुक्मरानों का अंतकाल आ गया है।

जेल से बाहर आते ही आजम खां के समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। रामपुर से भी कई समर्थक उन्हें लेने के लिए गाजियाबाद तक पहुंचे थे। रात करीब 50 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ आजम खां जेल रोड स्थित अपने घर के पास पहुंचे, जहां पहले से सैकड़ों समर्थकों की भीड़ उनका इंतजार कर रही थी।

आजम खां की झलक देखते ही भीड़ ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए और आतिशबाजी छोड़कर उनका इस्तकबाल किया। गाजियाबाद से काफिला निकलने के दौरान भी रास्ते में जगह-जगह समर्थक और सपाई उनकी झलक पाने के लिए खड़े मिले।