हरदोई जिले में बारिश और नदियों के बैक फ्लो से गांवों का संपर्क टूटने की समस्या के समाधान के लिए तीन विधानसभा क्षेत्रों में छह स्थानों पर छोटे पुल और बॉक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना (सेतु) के तहत इन निर्माण कार्यों के लिए 11.31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-प्रथम के सहायक अभियंता संतोष कुमार रावत ने बताया कि सवायजपुर, हरदोई और शाहाबाद विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिनमें आरसीसी के छोटे पुल और बॉक्स कल्वर्ट शामिल हैं। कुछ स्थानों पर पुल के साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग भी तैयार किए जाएंगे, ताकि मुख्य सड़क से जुड़ाव बना रहे।
सवायजपुर क्षेत्र में मुड़रामऊ से ललुआपुर इंटरकनेक्टिविटी मार्ग पर 3×5 मीटर स्पान और पांच मीटर ऊंचाई की आरसीसी पुलिया बनेगी, जबकि बखरिया तालाब और नीलम नदी के बैक फ्लो वाले स्थान पर 9×3×3 मीटर स्पान का आरसीसी लघु सेतु पहुंच मार्ग के साथ बनाया जाएगा। हरदोई क्षेत्र में ओहदपुर मार्ग से बैजना गुरुद्वारा संपर्क मार्ग पर 4×3×3 मीटर का आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट और बावन ब्लॉक में रद्देपुर सकतपुर मार्ग से खुमारीपुर मार्ग पर 4×5 मीटर का आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट बनेगा।
शाहाबाद क्षेत्र में कुरसैली हरदासपुर मार्ग से परेली सिंगुलापुर मार्ग पर 2×3 मीटर का बॉक्स कल्वर्ट अतिरिक्त पहुंच मार्ग के साथ और नौशहरा से डभौलिया मार्ग पर 7×5 मीटर का बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान नालों का पानी कई संपर्क मार्गों पर बहने लगता है और कुछ स्थानों पर नदियों का पानी वापस आने से रास्ते जलमग्न हो जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इन निर्माण कार्यों से पानी की निकासी का रास्ता मिलेगा और संपर्क मार्गों पर आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
