मौसम में बदलाव और ठंड के साथ बिहार के शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। बुधवार को पटना सिटी प्रदेश का सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 297 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, हाजीपुर में एक्यूआइ 235 और सिवान में 240 रहा, जबकि पटना का औसत एक्यूआइ 209 दर्ज किया गया। राजधानी के दानापुर में 233, राजवंशी नगर में 250 और मुरादपुर में 151 एक्यूआइ रहा। तारामंडल के आसपास की हवा अपेक्षाकृत बेहतर रही, यहां एक्यूआइ 119 दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, किशनगंज 41 एक्यूआइ के साथ प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर रहा। मुंगेर में 67, समस्तीपुर में 62 और सासाराम में 51 एक्यूआइ दर्ज किया गया। इन शहरों की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही। आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बक्सर, छपरा, दरभंगा, गया, गोपालगंज, कटिहार, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और सहरसा में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। इन शहरों में सहरसा का एक्यूआइ 159, बक्सर का 149, आरा का 141, मोतिहारी का 136, औरंगाबाद और भागलपुर का 130, गोपालगंज का 126, गया और मुजफ्फरपुर का 122, छपरा का 121, दरभंगा का 120 और कटिहार का 109 दर्ज किया गया।
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अनुसार, ठंड के मौसम में कोहरे और तापमान में बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर पड़ता है। इस दौरान वातावरण में धूल और धुएं के कणों का फैलाव धीमा हो जाता है, जिससे प्रदूषक लंबे समय तक हवा में बने रहते हैं और एक्यूआइ में वृद्धि होती है। ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में भी शहरों की हवा की गुणवत्ता पर इसका असर देखा जा सकता है।
