सोहना के नागरिक अस्पताल की स्थापना के करीब 50 साल बाद भी भवन का मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं हो पाया है। अस्पताल परिसर में बने तीन गड्ढों में गंदा पानी जमा किया जाता है, जिन्हें हर दस दिन में सीवर टैंकर से खाली कराना पड़ता है। इस अस्थायी व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग का सरकारी बजट लगातार खर्च हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 से 700 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, और मरीजों के परिजन व स्टाफ भी दिनभर परिसर में मौजूद रहते हैं। ऐसे में गड्ढों के ओवरफ्लो होने की आशंका से संक्रमण का खतरा बना रहता है।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रणविजय सिंह का कहना है कि सीवर व्यवस्था की समस्या उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को कई बार फाइल भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अस्पताल भवन का उद्घाटन 22 मार्च 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता ने किया था। पांच दशक बाद भी सीवर व्यवस्था का स्थायी समाधान न होना अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं जुड़ने के कारण टैंकरों पर सरकारी बजट से लगातार खर्च किया जा रहा है।