सर्दियों की शुरुआत के साथ ही गुरुग्राम के जलाशयों और आर्द्रभूमियों में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर पहुंचे ये परिंदे सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान से लेकर चंदू-बुढ़ेरा, साहिबी नदी क्षेत्र और नजफगढ़ वेटलैंड तक अपना अस्थायी बसेरा बना रहे हैं। जिले के अलग-अलग जलाशयों में सैकड़ों बार-हेडेड गूज देखे जा चुके हैं, जिससे प्रकृति प्रेमियों में उत्साह है।
सुल्तानपुर झील में कॉमन टील और नार्दर्न शावलर बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं। यहां इन पक्षियों के हजारों की संख्या में होने की जानकारी है। नजफगढ़ वेटलैंड और साहिबी नदी क्षेत्र में भी काफी संख्या में फ्लेमिंगो देखे जाने की बात कही गई है। चंदू यानी साहिबी बेसिन क्षेत्र में कुछ दिन पहले लगभग 500 बार-हेडेड गूज देखे गए थे।
जलाशयों में उपलब्ध भोजन और अनुकूल वातावरण इन पक्षियों को यहां ठहरने के लिए आकर्षित करता है। सर्दी बढ़ने के साथ इनकी संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। बार-हेडेड गूज को दुनिया के सबसे ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले पक्षियों में गिना जाता है। ये मंगोलिया, तिब्बत और मध्य एशिया के ठंडे इलाकों से लंबी दूरी तय कर भारत पहुंचते हैं और हिमालय की ऊंची चोटियों के ऊपर से उड़ान भरने की क्षमता रखते हैं।
प्रवासी पक्षियों के आगमन से सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान और आसपास की वेटलैंड में रौनक बढ़ गई है और प्रकृति प्रेमी इन क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। पक्षी देखने पहुंचे राजन कुमार, अमरेश वर्मा एवं राजेश सिंह ने इन पक्षियों को देखना सुखद अनुभव बताया और जलाशयों तथा आसपास के प्राकृतिक क्षेत्रों को साफ रखने की बात कही। मुख्य वन संरक्षक डा. सुभाष यादव के अनुसार, सुल्तानपुर, साहिबी बेसिन और नजफगढ़ क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों की मौजूदगी जैव विविधता के लिहाज से अच्छी बात है और जलाशयों को स्वच्छ व सुरक्षित रखना जरूरी है।
