शाहजहांपुर में एक निजी बस चालक ने कम किराये का लालच देकर मजदूरों और उनके परिवारों को 60 सीटर बस में 167 यात्रियों को ठूंसकर उनकी जान खतरे में डाल दी। बुधवार रात बरेली मोड़ पर जब बस में और सवारियां बैठाई जा रही थीं, तब एआरटीओ हरिओम, सीओ यातायात रनवीर सिंह और एआरएम अरुण कुमार की संयुक्त चेकिंग टीम वहां पहुंच गई। अधिकारी अंदर का नजारा देख हैरान रह गए। सीटों के बीच फर्श पर बैठे लोग हिलने-डुलने की स्थिति में भी नहीं थे। सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया, तो 167 लोग निकले। बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया और यात्रियों को तीन रोडवेज बसों से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया।
यात्रियों ने बताया कि वे मजदूरी पेशा हैं और चालक व परिचालक ने कम किराये का लालच दिया, इसलिए दिक्कत के बावजूद वे बस में बैठ गए। बरेली मोड़ पर जब और सवारियां बैठाई जा रही थीं, तो यात्रियों ने विरोध भी किया, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं सुनी। बस सीतापुर से सोनीपत, पानीपत और दिल्ली के लिए जा रही थी। बस फरीदाबाद निवासी नाजर अंजुम के नाम पर पंजीकृत है।
एआरटीओ ने बताया कि चालक सुहेल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा और बस मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज बसों का किराया भी उससे वसूला जाएगा।
