जामताड़ा के मिहिजाम नगर के बजरापाड़ा इलाके में बुधवार की शाम एक शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक 10 वर्षीय बच्चे सहित छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और धमाके की आवाज सुनकर मेहमानों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, बजरापाड़ा निवासी मोहम्मद रजाक के आवास पर आयोजित शादी समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे। मेहमानों की सुविधा के लिए वहां कॉफी मशीन लगाई गई थी। बुधवार शाम करीब आठ बजे कुछ लोग कॉफी लेने के लिए स्टॉल के पास जुटे थे, इसी दौरान अचानक मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट से मशीन के टुकड़े आसपास खड़े लोगों को लगे, जिससे छह लोग जख्मी हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को नजदीकी संस्कार नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घायलों में जामताड़ा और मधुपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

कॉफी मशीन का संचालन कर रहे प्रकाश कुमार ने हादसे के पीछे हाई वोल्टेज को संभावित कारण बताया है। उनका कहना है कि बिजली के वोल्टेज में अचानक बढ़ोतरी होने से मशीन में खराबी आई और वह फट गई। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।