खटीमा के सुरई वन रेंज के ककरा नाले में बना क्रोकोडाइल पार्क पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर वर्ष 2021 में बने इस पार्क में अब तक 80 हजार से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। पार्क को मगरमच्छों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया था। पर्यटकों से 20 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाता है और दो नवंबर से पार्क खोल दिया गया है।
सर्दियों में मगरमच्छ पानी से बाहर निकलकर नाले के किनारे धूप सेंकते दिखाई देते हैं। मगरमच्छ शीतरक्ती जीव होते हैं और शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए धूप का सहारा लेते हैं, इसी कारण सर्दियों में पर्यटकों को इन्हें देखने का बेहतर अवसर मिलता है। वर्ष 2025 की गणना के अनुसार यहां 126 मगरमच्छ दर्ज किए गए थे। इस परियोजना पर साठ लाख रुपये खर्च हुए। यह नाला 700 मीटर लंबा और 200 मीटर चौड़े भू-भाग में फैला है।
वन विभाग ने पार्क के संरक्षण और सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। नाले के किनारे मिट्टी खिसकने की समस्या को देखते हुए सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। सुरई रेंज के रेंजर राजेंद्र मनराल ने बताया कि दीवार निर्माण का कार्य एक-दो दिन में शुरू कराने की तैयारी है, जिससे नाले के किनारों पर मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलेगी।
वन विभाग ने पार्क में चिल्ड्रन पार्क विकसित करने का प्रस्ताव पूर्व में भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंटीन का निर्माण पूरा हो चुका है। एसडीओ संचित वर्मा ने बताया कि दो दिन पहले डीएफओ ने पार्क का निरीक्षण किया और इसे और बेहतर बनाने पर मंथन किया जा रहा है। नए विकल्प को अंतिम रूप देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
