बहराइच के खैरीघाट इलाके में सोमवार देर शाम ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पोते को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
केवलपुर भड़का गांव निवासी गया प्रसाद (58) अपनी पत्नी बितानी देवी (55) और पोते रोहित के साथ बाइक से रायपुर की तरफ जा रहे थे। भवानीपुर महजीदिया मोड़ के पास पहुंचने पर सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गया प्रसाद और बितानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना राहगीर ललित कुमार चौरसिया ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष खैरीघाट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है और जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवारजन में हलचल है।
