बलिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को गंगा-तमसा संगम तट पर लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के पुण्य स्नान करने का अनुमान है। इस दौरान ददरी मेले का भी आयोजन होगा, जिसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
स्नान पर्व के एक दिन पहले से ही भृगु क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बन गया है। गंगा की रेती पर संत-महात्माओं के शिविर सजने लगे हैं और ग्रामीण अंचलों से महिलाओं की टोलियां भजन-कीर्तन करते हुए नगर की ओर आ रही हैं। आसपास के जनपदों के साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। परिवहन विभाग अलग-अलग मार्गों पर 140 बसों का संचालन करेगा। श्रद्धालु स्नान के बाद अन्न-वस्त्र का दान करेंगे और महर्षि भृगु, दर्दर मुनि तथा बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। शिवरामपुर घाट पर करीब 10 वाच टावर बनाए गए हैं और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी निगरानी के लिए वाच टावर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रतिबंधित घाटों पर स्नान रोकने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। पांच क्षेत्राधिकारी, 35 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 250 हेड कांस्टेबल और करीब 900 कांस्टेबल लगाए गए हैं।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, डीआइजी सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने सोमवार को श्रीरामपुर घाट का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घाटों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को पेयजल, शौचालय और सफाई की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
