मसूरी नगर पालिका के 28 वर्षीय सफाई कर्मी सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के विरोध में सोमवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने पिक्चर पैलेस चौक स्थित कुंडली चौकी के पास एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के कार्यों का बहिष्कार करते हुए चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक सतीश का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पुलिस पहले इस मौत को तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप की टक्कर से हुई मौत मानकर जांच कर रही थी, लेकिन अब जांच हत्या के एंगल पर भी आगे बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने के बावजूद मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
सूचना पर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद सीओ मसूरी जगदीश पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीएनएस की धारा 105 के तहत एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और घटनाक्रम में दो अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिनकी पहचान की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें पुलिस की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, इसलिए वे चाहते हैं कि उनका अधिवक्ता पूरे मामले और कार्रवाई की जानकारी से संतुष्ट हो। इसके बाद ही अंतिम संस्कार को लेकर निर्णय लिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका के सफाई कार्यों का बहिष्कार किए जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
