चंदौली में चक्रवात के बाद मौसम खराब होने से ठंड बढ़ गई है, लेकिन सरकारी दावों के विपरीत जिले के रैन बसेरे अभी भी बंद पड़े हैं। पीडीडीयू नगर, चंदौली, चकिया और सैयदराजा आदि नगरीय क्षेत्रों में प्रस्तावित रैन बसेरों के मुख्य द्वार पर ताला लटक रहा है और लंबे समय से सफाई तक नहीं हुई है। इससे बाहर से आने वाले यात्रियों, रिक्शा चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, दुकानों के चबूतरों या खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल सर्दी शुरू होते ही रैन बसेरे चालू कर दिए जाते थे, लेकिन इस बार अभी तक ये शुरू नहीं हो सके हैं। अधिशासी अधिकारी चंदौली दिनेश कुमार का कहना है कि शासन से निर्देश आते ही रैन बसेरा सक्रिय कर दिया जाएगा।

इस बीच सरकार ने ठंड से बचाव के लिए कवायद शुरू की है। गरीबों में बांटने के लिए कंबल खरीदने हेतु 23 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है और अलाव के लिए प्रत्येक तहसील को अलग से एक-एक लाख रुपये दिए गए हैं। शासन ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। कंबल खरीदने की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।