भदोही में रबी फसल की बुवाई के बीच डीएपी खाद की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है। जिले को मीरजापुर और वाराणसी रैक प्वाइंट से कुल 1000 टन डीएपी आवंटित की गई है, जिसे जल्द ही सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ईरम मिर्जा के अनुसार, मीरजापुर रैक प्वाइंट से 500 टन डीएपी मंगलवार सुबह तक पहुंच जाएगी, जबकि वाराणसी के शिवपुर रैक प्वाइंट से भी 500 टन डीएपी एक-दो दिन में प्राप्त हो जाएगी।

गेहूं सहित अन्य फसलों की बुवाई शुरू होते ही किसानों में डीएपी को लेकर मारामारी देखी जा रही थी और उन्हें समितियों पर कतार में लगना पड़ रहा था। जिला प्रशासन खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में जुटा है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि रबी वर्ष 2026-27 में सहकारी समितियों व निजी क्षेत्र की दुकानों से 4841 टन डीएपी वितरण का लक्ष्य तय है, जबकि एमओपी का लक्ष्य 170 टन और एनपीके का लक्ष्य 1584 टन निर्धारित है। इसके सापेक्ष 5584 टन डीएपी, 130 टन एमओपी और 1360 टन एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।

सहायक निबंधक सहकारिता रामप्रकाश ने बताया कि मीरजापुर व शिवपुर वाराणसी रैक प्वाइंट से मिलने वाले पांच-पांच सौ टन डीएपी के बाद संकट दूर हो जाएगा। किसानों को डीएपी को लेकर परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

उर्वरक से जुड़ी शिकायतों के लिए कंट्रोल कक्ष स्थापित किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल कक्ष का मोबाइल नंबर 9794691952 है, जहां उर्वरक की अधिक मूल्य वसूली, कालाबाजारी सहित किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।