बांदा के पैलानी में एक 60 वर्षीय किसान ने कर्ज और गिरवी जमीन की चिंता से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उनकी मौत हो गई। स्वजन के मुताबिक बेटियों और बेटे की शादी के लिए चार बीघा जमीन गिरवी रखी गई थी और चार लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के अमारा गांव के मजरा कुटी डेरा में प्रधानमंत्री आवास योजना की कालोनी में रहने वाले शिवकरन निषाद (60) रविवार दोपहर अपने घर से खाना खाकर खेत बोने के लिए बीज लेकर अपने आवास पहुंचे थे। वहां उन्होंने बाहर से शीशी में पेट्रोल लाकर कमरे के अंदर खुद पर छिड़क लिया और माचिस से आग के हवाले कर दिया। धुआं उठते देख पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने दूसरे कमरे में चरपाई पर बिछे गद्दे को डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने से गद्दा भी जल गया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। दिवंगत किसान के बड़े भाई जयकरण निषाद ने बताया कि शिवकरन की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे रविंद्र की शादी पिछले वर्ष की गई थी। स्वजन के मुताबिक बेटियों और बेटे की शादी में पांच बीघा जमीन में से चार बीघा जमीन तीन लाख रुपये में गिरवी रखनी पड़ी थी। इसके अलावा गांव के अलग-अलग लोगों का चार लाख रुपये का कर्जा था। कर्ज भरने के लिए दोनों बेटे सूरत में मजदूरी करते हैं और घटना की जानकारी मिलने पर वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। स्वजन ने बताया कि कर्ज चुकाने और गिरवी जमीन छुड़ाने की चिंता में वह परेशान रहते थे।
जसपुरा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि घटना का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और जांच चल रही है। घटना से पत्नी गोदिया और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
