इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की लोनी में एक युवती से एचआईवी पॉजिटिव होने की बात छुपाकर शादी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीमारी का पता लगने के बाद विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एक कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि वह नोएडा की एक रियल स्टेट कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्य करती थीं। जुलाई 2024 में एक युवक उनके ऑफिस पर प्रॉपर्टी खरीदने पहुंचा और उनसे उनका नंबर ले लिया। बाद में नए-नए प्रलोभन देकर उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद युवक ने उनके घर जाकर स्वजन के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। अक्टूबर माह में दोनों की शादी हो गई।
आरोप है कि शादी के बाद दोनों फरीदाबाद जाकर रहने लगे। पति लंबे समय तक घर नहीं आता था और खोजने जाने पर उनके साथ मारपीट करता था। पांच से छह बार उनके साथ मारपीट की गई। घर की सफाई के दौरान उन्हें पति की मेडिकल रिपोर्ट मिली, जिससे उसके एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। उन्होंने सास, ससुर और ससुराल के अन्य सदस्यों से इस संबंध में बातचीत की, तो सभी ने उन्हें डांटकर चुप कर दिया। आरोप है कि पति की पहली पत्नी बीमारी के कारण तलाक देकर जा चुकी थी। 19 जून को पति ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने आरोपितों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
