हैदराबाद पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यह कदम 21 नवंबर को मिले एक धमकी भरे ईमेल के बाद उठाया गया है, जिसमें 26/11 जैसे आतंकी हमले की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, यह ईमेल लश्कर-ए-तैयबा के नाम से आया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मारे गए आतंकी लतीफ भट की मौत का बदला लेने की बात कही गई है। ईमेल में काचीगुडा स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुडा रेलवे स्टेशन पर बम धमाके की धमकी दी गई है। हालांकि पुलिस ने इसे किसी शरारती तत्व की हरकत बताकर खारिज किया है।
शनिवार को स्पेशल ब्रांच की ओर से सभी पुलिस थानों को अलर्ट जारी किया गया और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। धमकी में बताए गए ठिकानों के साथ-साथ कई अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कहीं से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
रविवार को हैदराबाद पुलिस ने एक बयान में कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध स्थानों पर एंटी-सैबोटाज जांच की गई है और पुलिस की मौजूदगी व गश्त बढ़ा दी गई है। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। यदि किसी को संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दें।
