शामली के वीवी इंटर कॉलेज रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय राजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों भाई बाइक से शहर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद बस चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए।

राजा मूल रूप से सहारनपुर के हाकमशाह मुहल्ला का निवासी था और शामली के राजो मुहल्ला में भी उसका मकान है। वह अपने भाई जुबैर और वसीम के साथ बाइक पर सवार था। हादसे में वसीम को मामूली चोट आई, जिसने स्वजन को सूचना दी। राजा शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं।

युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन और परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया। लोगों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति संभाली।

मृतक के चचेरे भाई रहमान ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजा की मौत से परिवार में शोक छाया हुआ है।