बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे किराना व्यापारी से 11 लाख रुपये लूटे जाने की घटना सामने आई है। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारकर खंती में गिराया और फिर तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग, मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। घटना में व्यापारी घायल भी हुए हैं। एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है।

बिल्सी के गांव भतरी गोवर्धनपुर निवासी सिद्धांत कुमार शर्मा उर्फ मोनू दिल्ली और गाजियाबाद से किराने का सामान लाकर बदायूं जिले के व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। रविवार शाम वह बदायूं, आंवला, फैजगंज बेहटा, बिल्सी और बिसौली के दुकानदारों से तकादे की रकम वसूलकर लौट रहे थे। हैवतपुर और बधौली के बीच एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह खंती में गिर गए। इसके बाद पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें घेर लिया और विरोध करने पर धमकाया। पीड़ित के अनुसार वारदात में करीब पांच बदमाश शामिल हो सकते हैं और कार सवार लोग भी बाइक सवार बदमाशों के साथ थे।

सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान व्यापारी की मां का फोन आया था, जिस पर उन्होंने बेटे की आवाज सुनी, जो बदमाशों से खुद को छोड़ने की गुहार लगा रहा था। मां के मुताबिक बदमाश बैग और पर्स मांग रहे थे और सिद्धांत सामान देने से मना कर रहा था। फोन कटने के कुछ देर बाद पुलिस से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। मां ने बताया कि करीब आधे घंटे तक पुलिस ने बेटे से पूछताछ की और फिर उसे थाने ले गई। सिद्धांत हर रविवार को गाजियाबाद से बदायूं आकर दुकानदारों से भुगतान वसूलते थे और सोमवार को वापस लौट जाते थे।