छपरा के सोनपुर में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास को लेकर कई योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सोनपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जाएगा। इसके तहत बाबा हरिहरनाथ मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जबकि सोनपुर के समग्र विकास के लिए 680 करोड़ रुपये की योजना की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और आधुनिक टाउनशिप बनाने का लक्ष्य सामने रखा। टाउनशिप को लेकर स्थानीय लोगों की आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और किसी के साथ जबरदस्ती नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला अब केवल पशु मेले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे बिहार की कला, संस्कृति, सभ्यता और व्यापार को वैश्विक मंच देने वाले बड़े ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा।

यातायात सुधार के लिए मुख्यमंत्री ने सोनपुर-हाजीपुर के बीच पिछले 14 वर्षों से लंबित फोरलेन पुल को आगामी जून से पहले चालू कराने की घोषणा की। उन्होंने गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने की दिशा में काम करने की बात कही, ताकि बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ के निर्माण की योजना बताई गई। जलमार्ग से सोनपुर को कोलकाता के हल्दिया बंदरगाह से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का बजट पहले लगभग छह हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने तथा 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दोहराया। उन्होंने बताया कि हाल में लगभग सवा दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं और किशनगंज, मुजफ्फरपुर, नवादा, बांका तथा मधुबनी में सीमेंट कारखानों की स्थापना का काम शुरू हो चुका है। सारण के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सोनपुर और छपरा में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने पर जोर दिया गया, ताकि स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रसंस्कृत कर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सके।

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने की योजना बताई गई। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन दूध उत्पादन को 25 लाख लीटर से बढ़ाकर एक करोड़ लीटर करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने सोनपुर मेले के पारंपरिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की बात कही और वर्ष 2037 तक समृद्ध बिहार तथा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य की 10 से 11 प्रतिशत विकास दर को और गति देने की जरूरत बताई। उन्होंने स्थानीय विधायक विनय सिंह के अस्वस्थ होने पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।