बांदा में ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान और पुलिस की सक्रियता से 15 और 16 वर्ष की दो नाबालिग किशोरियों के बाल विवाह रोके गए। संस्थान के जागरूकता अभियान के तहत मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए परिवारों से बच्चियों के बालिग होने पर ही शादी करने का शपथ पत्र लिया गया है।

संस्थान के निदेशक श्रवण कुमार के अनुसार, संस्थान शासन की मदद से बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी अभियान के दौरान जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बाल विवाह कराए जाने की सूचना मिली। बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी की शादी रविवार को होनी थी और हमीरपुर से बरात आनी थी। शादी से एक दिन पहले शनिवार को संस्था और पुलिस ने पहुंचकर शादी रुकवाई। वहीं, पैलानी थाना क्षेत्र में कक्षा आठ की छात्रा 15 वर्षीय किशोरी की शादी के लिए तीन दिसंबर को पास के गांव से बरात आनी थी। दोनों किशोरियों की शादी जिन युवकों से हो रही थी, उनकी उम्र 22 और 23 वर्ष बताई गई है।

श्रवण कुमार ने बताया कि संस्थान जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन (जेआरसी) का सहयोगी है। 15 वर्षीय किशोरी के बाल विवाह की सूचना गांव के लोगों ने संस्थान को दी थी, जबकि उसके शिक्षकों ने बताया था कि वह कई दिनों से स्कूल नहीं आई। सूचना मिलते ही संस्थान की टीम ने संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। दोनों मामलों में ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, विशेष किशोर पुलिस इकाई और संबंधित थानों की पुलिस ने समन्वय से कार्रवाई की।

16 वर्षीय किशोरी के घर टीम पहुंची तो विवाह की तैयारियां चल रही थीं और मिठाइयां बनाई जा रही थीं। टीम ने परिवार को समझाया कि नाबालिग लड़की की शादी कराना कानूनन अपराध है। किशोरी के भाई ने स्वीकार किया कि उसे जानकारी नहीं थी कि कम उम्र में शादी करना कानून के खिलाफ है, और भरोसा दिलाया कि अब वह अपनी बहन की शादी बालिग होने के बाद ही करेगा। दोनों मामलों में परिवारों ने शपथ पत्र दे दिया है कि वे बच्चियों के बालिग हो जाने के बाद ही शादी करेंगे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।