वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में कार्तिक मास के दौरान रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था रही। मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलिंग के भीतर और पुलिस बैरियर पर भीड़ का दबाव बना रहा। श्रद्धालुओं को लगभग एक घंटे में मंदिर की गली तक पहुंचने में कठिनाई हुई। मंदिर नजदीक दिखाई दे रहा था, लेकिन भीड़ आगे बढ़ने में अड़चन बनी रही। बैरियर पर दिनभर आगे निकलने की आपाधापी का माहौल रहा और श्रद्धालु एक-दूसरे को धकियाते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।
भीड़ के बीच फंसे बच्चों और महिलाओं की परेशानी बढ़ी। कई महिलाओं और युवतियों की हालत बिगड़ती दिखी, जबकि कुछ लोगों ने बच्चों को कंधों पर बैठाकर राहत देने की कोशिश की। मंदिर के पट खुलने के साथ सुबह से ही भीड़ का दबाव बढ़ा और पट बंद होने तक आपाधापी का माहौल बना रहा।
दोपहर करीब 12 बजे गेट संख्या दो के पास पति दिलीप के साथ पहुंचीं लखनऊ निवासी 32 वर्षीय रूबी की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गईं। पति के शोर मचाने पर सुरक्षाकर्मियों ने महिला को तुरंत चिकित्सकों के पास पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद महिला ने अपने पति के साथ दर्शन किए और गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और व्यवस्था के दबाव के कारण हालात दिन-प्रतिदिन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। मंदिर के बाहर घंटों भीड़ में फंसे श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ते रहते हैं, लेकिन समीप पहुंचते-पहुंचते पहले दर्शन करने की होड़ में आपाधापी बढ़ जाती है, जिससे श्रद्धालुओं की हालत पर असर पड़ रहा है।
