बरेली के बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह, उनकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। किसान के बेटे भाग सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि धोखे से जमीन हड़पने और जान से मारने की धमकी से परेशान होकर उनके पिता ने जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि मृतक किसान ने सुसाइड नोट में भी पूर्व कुलपति का नाम लिया है।

भाग सिंह ने शिकायत में बताया कि उनके पिता ने 1995 में ग्राम पचपेड़ा, परगना रिछा, तहसील बहेड़ी में कृषि भूमि खरीदी थी। तब से परिवार उस जमीन पर काबिज है, वहां मकान भी बना है और खतौनी में उनके पिता का नाम दर्ज है। आरोप है कि पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह, उनकी पत्नी, रुद्रपुर निवासी संजेश, संजीव कुमार राठी, अनुज कुमार व अन्य अज्ञात लोगों की उच्च प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों में गहरी पैठ है। सभी ने मिलकर चकबंदी व राजस्व अधिकारियों से साठगांठ करते हुए किसान को सूचना दिए बिना एक पक्षीय आदेश पारित कराया और कूटरचना के जरिए जमीन का बैनामा अवैध तरीके से अपने पक्ष में करा लिया।

शिकायत के मुताबिक, जब किसान को इस जालसाजी का पता चला तो उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई और बार-बार प्रार्थना पत्र देने पर उन्हें प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि जमीन और मकान खाली कराने के लिए डराया गया और मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे अवसाद में आकर किसान ने जहर खाकर जान दे दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी उत्तरी संतोष कुमार के मुताबिक किसान के अंतिम संस्कार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं अभी तक अंतिम संस्कार नहीं हुआ है और स्वजन आगे की कार्रवाई पर मंथन कर रहे हैं।