राज्यसभा सदस्य एवं पद्मश्री डॉ. राजिंदर गुप्ता ने बरनाला में विकास कार्यों की रूपरेखा लोगों की जरूरतों के अनुसार तैयार करने की पहल की है। इसी कड़ी में उन्होंने बरनाला की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की जरूरतों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में करीब 25 से 30 संस्थाओं को लगभग 2 करोड़ रुपये की ग्रांट देने की सिफारिश की गई।

बैठक के दौरान संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में सुविधाओं की कमी और जरूरी विकास कार्यों को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए। डॉ. गुप्ता ने उनकी समस्याओं और प्रस्तावित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इस ग्रांट से संस्थाओं द्वारा किए जा रहे समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. राजिंदर गुप्ता की ओर से बरनाला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये के सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपी लैड) का इस्तेमाल लोगों की जरूरतों के अनुसार करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए गांवों के पंचों-सरपंचों, शहरी पार्षदों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जा रहे हैं। इन सुझावों के आधार पर सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य विकास कार्यों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और उपलब्ध फंड का अधिक प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करना है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सिफारिश किए गए प्रस्तावों को कब मंजूरी मिलती है और विकास कार्य कब जमीनी स्तर पर शुरू होते हैं।