गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आकर 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें संवेदना दी। सीएम ने परिजनों से कहा कि यह हत्या है और आप लोग चिंता न करें, सख्त कार्रवाई होगी।
परिजनों से मिलने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव के रोड शो में किशोर की मौत पर कड़ा प्रहार किया और इसे निर्मम हत्या करार दिया। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ़ निकाला जाए और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें।
सीएम योगी ने कहा कि बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था और उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। उन्होंने सपा पर गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू से जुड़े होने का आरोप लगाया और कहा कि यह माफिया सपा का सगा है तथा जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस मासूम की गलती क्या थी और कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। उन्होंने कहा कि यही समाजवादी पार्टी कर रही है और उनकी सरकार ने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है तथा उसे ठीक करने के लिए एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है।
