संभल जिले में हरिहर मंदिर को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को फिर चर्चा में आया, जब कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरि के नेतृत्व में निकाली जा रही पदयात्रा को पुलिस-प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया। पदयात्रा को लेकर प्रशासन सुबह से ही सतर्क था। कैला देवी धाम से श्रद्धालुओं का समूह झंडे लेकर आगे बढ़ा, जबकि मुख्य चौराहे और थाने मोड़ की ओर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। पदयात्रियों ने आगे बढ़ने के लिए बैरियर हटाने की कोशिश की, जिसके बाद समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के गिरने की भी खबर सामने आई और कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकास चंद्र ने महंत ऋषिराजगिरि से बातचीत की। अधिकारियों ने न्यायालय में विचाराधीन मामले और शहर की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए पदयात्रा आगे नहीं ले जाने की अपील की। बातचीत के बाद पदयात्रा आगे बढ़ाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
इसके बाद महंत ऋषिराजगिरि ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विवादित स्थल पर पूजा और नमाज को लेकर अपना पक्ष रखा। ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि यदि संबंधित स्थल पर पूजा की अनुमति नहीं है तो नमाज भी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हरिहर मंदिर के पट खुलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।
गौरतलब है कि हरिहर मंदिर और शाही जामा मस्जिद से जुड़ा विवाद अदालत में विचाराधीन है। स्थल के धार्मिक स्वरूप और पूजा-अर्चना के अधिकार को लेकर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना है।
