अंतरराष्ट्रीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट खिलाड़ी और प्रशिक्षक नेल्सन पेस सनबीम स्कूल, भगवानपुर (वाराणसी) में 200 विद्यार्थियों को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे रहे हैं। स्कूल में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला चल रही है, जो 21 नवंबर तक चलेगी। इस कार्यशाला में स्कूल के छात्र और कॉलेज की छात्राएं मिक्स्ड मार्शल आर्ट की तकनीक सीख रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।

गोवा के रहने वाले नेल्सन पेस हर वर्ष सनबीम स्कूल भगवानपुर में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने आते हैं। इस बार भी वे छात्र-छात्राओं को मार्शल आर्ट की बारीकियों के साथ आत्मरक्षा के गुर सिखा रहे हैं। कार्यशाला के दौरान स्कूल में नवनिर्मित जिम का भी उद्घाटन किया गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन मिक्स्ड मार्शल आर्ट और मुक्केबाजी की प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें कार्यशाला में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी हिस्सा लेंगे और अपनी सीखी हुई तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यशाला में सनबीम स्कूल समूह के मानद निदेशक हर्ष मधोक, अध्यक्ष दीपक मधोक, प्रधानाचार्या मौसमी भट्टाचार्य और निलेश सारंग आदि उपस्थित रहे। यह जानकारी विद्यालय के खेल प्रभारी शशि प्रकाश सिंह ने दी।