बस्ती शहर के ओरीजोत वार्ड में 1.40 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक स्टडी सेंटर बनाया जाएगा। नगर पालिका ने निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और शासन से बजट स्वीकृत होने के साथ 50 प्रतिशत धनराशि आवंटित हो चुकी है।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता के अनुसार, शहर के बच्चों को हाईटेक स्टडी सेंटर उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। ओरीजोत वार्ड में पानी की टंकी के पीछे खाली जगह को निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है। शासन ने इसके लिए एक करोड़ 40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिसमें से 70 लाख रुपये आवंटित हो गए हैं।

सेंटर में वाई-फाई, एसी, सीसीटीवी, जनरेटर और फर्नीचर सहित आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यहां 48 छात्रों के बैठने की व्यवस्था, लाइब्रेरी रूम और 28 सीट वाला कैंटीन बनेगा। परिसर में 32 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग, महिला व पुरुष शौचालय और फायर फाइटिंग उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। ये सभी सुविधाएं प्रथम और ग्राउंड फ्लोर पर मुहैया कराई जाएंगी।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बजट जारी होने और आधी धनराशि आवंटित होने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।