बेंगलुरु ग्रामीण जिले में मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण एक कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो इंजीनियरिंग छात्राओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए।
मृत छात्राओं की पहचान जानवी और वैष्णवी के रूप में हुई है। दोनों 19 साल की थीं और तुमकुरु की रहने वाली थीं। वे सप्तगिरि कॉलेज में इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष की छात्राएं थीं। जानकारी के अनुसार, कई छात्र और छात्राएं हुत्रिदुर्गा घूमने जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सुबह के समय घने कोहरे में ड्राइवर का नियंत्रण छूट गया और कार नेशनल हाईवे 75 पर नेलामंगला तालुक के गुडेमर अनाहल्ली के पास एक पेड़ से टकरा गई। सीसीटीवी फुटेज में कार पेड़ से टकराते और कम से कम दो बार पलटते दिख रही है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल छात्रों के नाम गगन, जसवंत, हर्षिणी एस और हर्षिणी जी हैं। उन्हें नेलामंगला सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कुदुरु पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।
