बेंगलुरु के एक लॉज में 22 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान केरल के अडूर निवासी गंगा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आई थी और उसके साथ उसका 23 वर्षीय दोस्त गोकुल कृष्ण भी आया था। दोनों पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे और गुरुवार सुबह लॉज में ठहरे थे।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गोकुल ने कथित तौर पर गंगा के पेट में चाकू मार दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने लॉज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।