भीटी और जलालपुर में सर्किट हाउस के निर्माण के लिए कुल 367.41 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। दोनों भवनों के लिए 75-75 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
भीटी तहसील में दो-सुइट निरीक्षण भवन के निर्माण के लिए 187.71 लाख रुपये और जलालपुर में निर्माण के लिए 189.70 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भीटी में चनहा चौराहे के पास तिवारीपुर-मिझौड़ा मार्ग पर और जलालपुर कस्बे में भूमि उपलब्ध है। गत वर्ष एमएलसी हरिओम पांडेय ने मुख्यमंत्री को इस संबंध में प्रस्ताव दिया था। लोक निर्माण विभाग ने अनुमानित लागत, भूमि और अन्य औपचारिक मानकों की उपलब्धता की संस्तुति के साथ शासन को रिपोर्ट भेजी थी।
जिला मुख्यालय से 32 किमी दूर कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के भीटी में बनने वाले भवन से उच्चाधिकारियों को जिला मुख्यालय और चीनी मिल के निरीक्षण भवन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यहां मेहमानों के लिए बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं के साथ वीवीआइपी व डीलक्स कमरे होंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह ने बताया कि शासन ने जलालपुर तथा कटेहरी विधानसभा क्षेत्रों में दो सर्किट हाउस के निर्माण को मंजूरी देकर बजट आवंटित किया है। निविदा आमंत्रित की गई है और जल्द ही निर्माण शुरू होगा।
