बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर बिहार के मौसम पर पड़ेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना के अनुसार राज्य में 20 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह तूफान 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ रहा है और 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों (नरसपुर और पुरी के बीच) को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से बिहार के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में नमी बढ़ेगी, जिससे बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 20 नवंबर को दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों (पटना, गया, नालंदा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार आदि) में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों (सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया) के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। भागलपुर और कटिहार में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है, जबकि उत्तर-मध्य बिहार (मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि) में भी कुछ स्थानों पर बारिश संभव है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.0°C भभुआ (कैमूर) में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9°C औरंगाबाद में दर्ज किया गया। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 26.8°C और न्यूनतम 16.7°C रहा। भागलपुर में कोहरे के कारण सबसे कम दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा और तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
21 नवंबर को संभावित मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले में न रहने, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।
