मोतिहारी पुलिस की वेबसाइट पर पुरानी जानकारी और गलत संपर्क नंबरों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। वेबसाइट के डैशबोर्ड पर पूर्व पुलिस महानिदेशक विनय कुमार की तस्वीर और नाम अभी भी डीजीपी के तौर पर दर्ज है, जबकि उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है और अब प्रीता वर्मा बिहार पुलिस की कमान संभाल रही हैं।

साइट पर पुलिस अधीक्षक के संपर्क के लिए दिया गया पुराना नंबर भी अमान्य है। इस नंबर पर फोन करने पर जवाब आता है कि डायल किया गया नंबर मौजूद नहीं है। दरअसल, करीब सवा साल पहले अगस्त 2025 से जिले के पुलिस अधीक्षक समेत सभी पुलिस अधिकारियों के नंबर बदल चुके हैं। एसपी का नया नंबर 90318 27100 है।

वेबसाइट पर नागरिक सुविधाओं के लिए 24 तरह की सेवाओं के लिंक दिए गए हैं, जिनमें एसपी का जनता दरबार, थाना, ऑनलाइन प्राथमिकी, जांच प्रगति की जानकारी, ऑनलाइन शिकायत, किराएदार और नौकर के सत्यापन, ई-सनहा समेत अन्य सुविधाएं शामिल हैं, लेकिन ये अपडेट नहीं हैं।

स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि साइट को अपडेट होना चाहिए। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने कहा कि साइट की जांच की जाएगी और इस विषय से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। शीघ्र ही साइट अपडेट करा ली जाएगी।