बिहार के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह 5.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके पटना, उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों में महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 20 किलोमीटर की गहराई पर था।

रिपोर्टों के अनुसार, सुबह लगभग 7:05 बजे दरभंगा में दो से तीन सेकंड तक हल्के झटके महसूस किए गए। दरभंगा के अलावा पटना, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई अन्य इलाकों में भी कंपन दर्ज किया गया।

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई है। भूकंप विज्ञान से जुड़े प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, इसका केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह केंद्र मुजफ्फरपुर से करीब 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, काठमांडू से लगभग 254 किलोमीटर पूर्व और थिम्पू से करीब 175 किलोमीटर की दूरी पर दर्ज किया गया।

बिहार के अलावा इस भूकंप का असर सिक्किम, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तथा पड़ोसी देशों नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ क्षेत्रों में भी देखने को मिला। राहत की बात यह है कि राज्य में फिलहाल जान-माल के किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।