नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण) में एक दामाद पर अपने ससुर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मझौलिया थाना क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर प्रसाद वर्णवाल ने शिकारपुर थाने में आवेदन देकर शिवगंज निवासी दामाद शैलेश कुमार वर्णवाल समेत तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

आवेदन के अनुसार चंद्रशेखर प्रसाद वर्णवाल अपने बेटे की शादी का कार्ड देने और बेटी की विदाई की बात करने के लिए दामाद के पास गए थे। आरोप है कि धर्मशाला रोड स्थित दामाद की दुकान पर पहुंचते ही वह नाराज हो गया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोप है कि दामाद, उसके भाई और अन्य लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिल गया है और मामले की छानबीन की जा रही है। मारपीट के पीछे की वजह को लेकर जांच चल रही है। चर्चा है कि विवाद साली की शादी तय होने या पत्नी के शादी में जाने को लेकर नाराजगी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।